यातायात माह कल से: ट्रैफिक रूल्स तोड़ने पर कटेगा चालान, पुलिसकर्मियों पर भी की जाएगी सख्ती
आगरा में एक नवंबर से यातायात माह शुरू होगा। इस दौरान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होगी। पुलिसकर्मियों के भी चालान काटे जाएंगे। शहर में चेकिंग के साथ 5-ई के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
आगरा। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक नवंबर से यातायात माह की शुरुआत होने जा रही है। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार पुलिसकर्मी भी कार्रवाई के दायरे में रहेंगे। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर चालान काटे जाएंगे। जरूरत पड़ने पर वाहनों को सीज भी किया जा सकता है।
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बताया कि पुलिस लाइन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के वाहनों पर पहले भी कार्रवाई की गई है। पिछले दो महीनों में करीब 500 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। यातायात माह के दौरान भी पुलिसकर्मियों पर सख्ती जारी रहेगी।
प्रमुख सड़कों पर चलेगा चेकिंग अभियान
यातायात माह के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जगह-जगह चेकिंग की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे जाएंगे। इसके साथ ही एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर विद्यार्थियों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
5-ई के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बताया कि यातायात माह में सड़क सुरक्षा के लिए 5-ई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें एजुकेशन, एनफोर्समेंट, इंजीनियरिंग, इमरजेंसी केयर और एनवायरनमेंट शामिल हैं।
पुलिसकर्मी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में 50 फीसदी तक कमी लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
त्योहारों पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की तैयारी
त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया जाएगा। इसके अलावा नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में जाम की समस्या को कम किया जा सके।