जल्दबाजी का चक्कर: जाम लगने का ये है प्रमुख कारण, एमजी रोड पर रेंगे वाहन; एंबुलेंस भी फंसी
आगरा के एमजी रोड पर बुधवार को गलत लेन में वाहन घुसने और जल्दबाजी के कारण करीब एक घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। लोहामंडी, पंचकुइयां, मदिया कटरा और आरबीएस चौराहे पर वाहन फंसे रहे। जाम में एंबुलेंस भी फंस गई।
आगरा। शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एमजी रोड पर बुधवार को वाहन चालकों की जल्दबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण भीषण जाम लग गया। करीब एक घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोहामंडी, पंचकुइयां, मदिया कटरा और आरबीएस चौराहे पर सबसे ज्यादा जाम की स्थिति रही। इस दौरान सैकड़ों वाहन चालक और राहगीर धूल व धुएं के बीच परेशान होते रहे। जाम में एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद रास्ता दिलाया।
गलत लेन में घुसे वाहन, आमने-सामने फंसा ट्रैफिक
बुधवार सुबह से ही एमजी रोड पर वाहनों का दबाव बना हुआ था। वाहन चालक जल्दी निकलने के चक्कर में अपनी लेन छोड़कर दूसरी लेन में घुसने लगे। इससे लोहामंडी और हरीपर्वत दोनों ओर से आने वाला यातायात आमने-सामने फंस गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी होने और सेंट जोंस स्थित एक इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। फैंसी ड्रेस पहनकर कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बच्चों को लेकर निकले अभिभावकों के वाहनों की भीड़ से एमजी रोड पर यातायात का दबाव बढ़ गया।
एंबुलेंस भी जाम में फंसी, पुलिस ने खुलवाया रास्ता
जाम के दौरान सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और जरूरी काम से निकले लोगों को हुई। इसी बीच एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी वाहनों की भीड़ में फंस गई। स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिसकर्मियों ने प्रयास कर एंबुलेंस के लिए रास्ता बनवाया।
भीषण जाम के कारण यातायातकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद वाहनों को व्यवस्थित कराया गया और यातायात सामान्य हो सका।
जल्दबाजी बनी जाम की वजह: एडीसीपी ट्रैफिक
एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बताया कि कुछ वाहन चालकों की जल्दबाजी और गलत तरीके से वाहन निकालने के कारण एमजी रोड पर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सामान्य कराया।
एमजी रोड पर हुई इस अव्यवस्था ने एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था और वाहन चालकों की अनुशासनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।