यूपी: ऑनलाइन बाजार से चौपट हो रहा लोकल कारोबार! आगरा में व्यापारियों ने निकाली बहिष्कार पदयात्रा
आगरा में समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने ई-कॉमर्स कंपनियों के विरोध में शमसाबाद रोड पर पदयात्रा निकाली। व्यापारियों ने ऑनलाइन खरीदारी का बहिष्कार कर स्थानीय दुकानों से सामान खरीदने की अपील की।
आगरा। ई-कॉमर्स कंपनियों और ऑनलाइन बाजार के बढ़ते प्रभाव के विरोध में बुधवार को आगरा में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने शमसाबाद रोड स्थित कहरई मोड़, राजपुर चुंगी पर पदयात्रा निकालकर विरोध जताया। इस दौरान व्यापारियों ने लोगों से ऑनलाइन खरीदारी का बहिष्कार करने और स्थानीय दुकानों से सामान खरीदने की अपील की।
छोटे और मध्यम व्यापारियों के सामने बढ़ रही चुनौती
प्रदर्शन के दौरान मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियां कम मुनाफे पर कारोबार करके छोटे और मध्यम व्यापारियों के सामने चुनौती खड़ी कर रही हैं। इससे पारंपरिक बाजारों और स्थानीय दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि ऑनलाइन कंपनियों के बढ़ते प्रभाव पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो पारंपरिक बाजारों की रौनक खत्म हो सकती है और छोटे व्यापारियों का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा।
जीएसटी छापेमारी का भी उठाया मुद्दा
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संजीव पोरवाल ने जीएसटी छापेमारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की।
वहीं, महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता ने लोगों से स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने पर छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और शहर का पारंपरिक व्यापार भी सुरक्षित रहेगा।
पदयात्रा में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन और पदयात्रा के दौरान ग्रामीण विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार यादव, वीरेंद्र यादव, मुनव्वर पठान, इलियास सिद्दीकी और मनीष भारद्वाज सहित समाजवादी व्यापार सभा के कई पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।